बाराबंकी : अलियाबाद हादसे में दो मासूमों की मौत के बाद टूटे परिवार को मिला सरकार का संबल
दीवार हादसे में जान गंवाने वाले भाई-बहन के परिजनों को आठ लाख की मदद,राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने सौंपे चार-चार लाख के चेक, बोले-हर दुख की घड़ी में सरकार साथ।

दरियाबाद(बाराबंकी) !अलियाबाद के गुलचप्पा कलां में जर्जर दीवार गिरने से सगे भाई-बहन की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया। दो मासूमों की मौत से परिवार पर मानों दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस दुख की घड़ी में सरकार ने पीड़ित परिवार का हाथ थामते हुए आर्थिक मदद पहुंचाई है। शनिवार को राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने मृत भाई-बहन के परिजनों को दैवीय आपदा कोष से चार-चार लाख रुपये, कुल आठ लाख रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे।
भिटरिया स्थित कार्यालय पर सहायता राशि के चेक वितरित करते हुए राज्यमंत्री ने दोनों बच्चों की मौत पर गहरा दुख जताया और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।

गुरुवार सुबह हुआ था दर्दनाक हादसा।
दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के गुलचप्पा कलां गांव में गुरुवार सुबह जर्जर दीवार अचानक गांव के रास्ते पर गिर गई थी। उस समय वहां से गुजर रहे पांच बच्चे मलबे की चपेट में आकर दब गए। हादसे में हुजैफा पुत्र मुस्लिम (7) की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल उसकी बहन हाजरा बानो पुत्री मुस्लिम (14) ने बनीकोडर सीएचसी में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।दोनों मृतक सगे भाई-बहन थे।हादसे में हस्सान पुत्र सलमान (8), हानिया पुत्री सलमान (4) और मो. अदनान पुत्र अब्दुल मन्नान (14) भी घायल हुए थे। दो मासूमों की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। गांव में भी मातम का माहौल है।
हादसे अगले दिन ही पीड़ित परिवार के घर पहुंचे थे राज्यमंत्री।
इस दर्दनाक हादसे के अगले दिन शुक्रवार को राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा गुलचप्पा कलां गांव पहुंचे थे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया था। शनिवार को दैवीय आपदा कोष से आठ लाख रुपये की सहायता राशि के चेक देकर सरकार की ओर से परिवार को आर्थिक संबल दिया गया।इस दौरान नायब तहसीलदार सुधाकर पाण्डेय, हल्का लेखपाल बृजेश अवस्थी, ग्राम प्रधान हामिद अंसारी, महेश गुप्ता और इबादुर्रहमान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

