September 15, 2026

जिले की रुदौली पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता , एटीएम बदलकर ठगी करने वाला शातिर ठग गिरफ्तार

IMG-20260808-WA0033

19 एटीएम कार्ड और 28,500 रुपये बरामद, अपाचे बाइक व मोबाइल भी मिला।

रुदौली,अयोध्या ! एटीएम बूथ पर मदद के बहाने लोगों को अपने जाल में फंसाकर कार्ड बदलने वाले शातिर ठग को रुदौली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 19 एटीएम कार्ड, 28,500 रुपये, मोबाइल फोन और अपाचे बाइक बरामद की है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके गिरोह और पूर्व में की गई टप्पेबाजी की घटनाओं के बारे में जानकारी ले सकती है।
बताते चले कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा0 गौरव ग्रोवर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुदौली प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार सुबह करीब 7:35 बजे दौदापुर गांव के पास बिगनिया पुल से कुछ पहले घेराबंदी कर एक संदिग्ध आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरजान पुत्र स्व0 मोहम्मद उस्मान निवासी किशुनी, थाना शुकुलबाजार,जनपद अमेठी के रूप में हुई।

मदद के बहाने बदल देता था एटीएम कार्ड

पुलिस के अनुसार आरोपी एटीएम बूथ पर रुपये निकालने पहुंचे लोगों को मदद का झांसा देता था। इसी दौरान चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लेता और बाद में खाते से रुपये निकालकर ठगी करता था। तलाशी के दौरान उसके पास से अलग-अलग बैंकों के 19 एटीएम कार्ड और 28,500 रुपये मिले। इसके अलावा नीले रंग का वीवो Y12S मोबाइल और सफेद रंग की अपाचे 160 सीसी बाइक भी बरामद हुई।

पहले से भी दर्ज है मुकदमा

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुदौली में मु0अ0सं0- 419/2026, धारा 318(4)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।वहीं अमेठी के शुकुलबाजार थाने में भी वर्ष 2024 में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस बरामद एटीएम कार्ड और रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल आशुतोष सरोज, कांस्टेबल अनिल कुमार और आयुष सैनी शामिल रहे।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading