November 10, 2026

अनंत सिंह की बेटी की शादी होगी भव्य, घुड़सवारी जीतने पर मिलेगी THAR, 150 तरह के होंगे पकवान; जानें क्या-क्या होगा खास

अनंत सिंह की बेटी की शादी होगी भव्य, घुड़सवारी जीतने पर मिलेगी THAR, 150 तरह के होंगे पकवान; जानें क्या-क्या होगा खास

<span class="img-name">मोकामा विधायक अनंत सिंह। </span> <span class="img-source">Image Source : PTI </span>

पटना: मोकामा सीट से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी का विवाह इन दिनों चर्चा में है। शिवांगी की शादी को लेकर उनके पैतृक गांव लदमा में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं, ऐसे में इस शादी को भव्य बनाने के लिए देश-दुनिया से कारीगरों को बुलाया जा रहा है।

150 तरह के होंगे पकवान

दरअसल, 25 नवंबर को होने वाले इस भव्य समारोह के लिए 10 बीघा जमीन पर विशाल वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसे उत्तर प्रदेश के मऊ से आए कारीगर बना रहे हैं। वहीं जयमाला के लिए जयपुर के पत्रकार चौराहे की तर्ज पर 30 फीट ऊंचा भव्य मंच सजाया जाएगा, जिसके लिए विशेष रूप से चीन और बेंगलुरु से ताजे फूल मंगाए जा रहे हैं। शादी में आने वाले करीब 4 लाख अतिथियों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजनों की व्यवस्था की गई है, जिसमें नालंदा का मशहूर 52 परतों वाला सिलाव खाजा और काजू कतली समेत विभिन्न राज्यों के पकवान शामिल रहेंगे।

घुड़दौड़ प्रतियोगिता के इनाम में रखा थार

समारोह के मुख्य आकर्षणों में 12 बीघे के मैदान में आयोजित होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी शामिल है। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा के घुड़सवार हिस्सा लेंगे। 25 नवंबर को दोपहर 2 से 4 बजे तक प्रस्तावित इस प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को महिंद्रा थार, दूसरे को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी पुरस्कार में दी जाएगी।

दहेज में गिफ्ट करेंगे डिफेंडर

बता दें कि, शिवांगी का विवाह बिहटा (कृष्णा नगर) निवासी कमांडेंट रणविजय कुमार के पुत्र ऋषिकेश कुमार (अंकित) से हो रहा है, जो अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए कर पिछले 11 वर्षों से वहीं कार्यरत हैं। अनंत सिंह द्वारा अपने दामाद को लग्जरी गाड़ी लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट किए जाने की चर्चा है।

कई बड़ी हस्तियां होंगी शामिल

इस शादी समारोह में राजनीति और सिनेमा जगत की तमाम बड़ी हस्तियां जुटेंगी। बताया जा रह है कि इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव समेत पक्ष-विपक्ष के कई नेताओं को निमंत्रण दिया गया है। वहीं फिल्मी हस्तियों में पवन सिंह, अक्षरा सिंह, आयशा खान सहित तीन दर्जन कलाकार और दुबई से 6 मॉडल भी शिरकत करेंगे। वैवाहिक कार्यक्रमों की शुरुआत 20 नवंबर को फलदान व तिलकोत्सव से होगी, जिसके बाद 23 को हल्दी, 24 को मेहंदी-संगीत और 25 नवंबर को विवाह संपन्न होगा। (इनपुट- विकास)

यह भी पढ़ें-

दिवाली की रात अमरेली में दिखता है युद्ध जैसा नजारा, एक-दूसरे पर आग का गोला फेंकते हैं लोग; जानें क्या है 150 साल पुरानी परंपरा

You may have missed

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading