बाराबंकी : दबिश से लौट रही पुलिस की स्कार्पियो ट्रक में घुसी, तीन सिपाही घायल
लोनीकटरा क्षेत्र में हाईवे पर देर रात हादसा, दो सिपाहियों की हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर रेफर

बाराबंकी संवाददाता ! लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे पर लोनीकटरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस टीम की स्कार्पियो आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में लोनीकटरा थाने में तैनात तीन सिपाही घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जबकि एक सिपाही को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस के अनुसार, हादसा हुसैनाबाद पेट्रोल पंप के पास हुआ। स्कार्पियो में सवार सिपाही गौरव यादव (32), ज्ञानेन्द्र (35) और जीत सिंह (29) दबिश देकर लखनऊ की ओर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कार्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने राहत कार्य शुरू कर तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल ज्ञानेन्द्र और जीत सिंह को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जबकि गौरव यादव की हालत खतरे से बाहर बताई गई।लोनीकटरा थानाध्यक्ष अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि तीनों सिपाही थाने में तैनात हैं और दबिश देकर लौटते समय यह हादसा हुआ। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

