July 24, 2026

अयोध्या : जमीनी विवाद में बीच-बचाव करना पड़ा जानलेवा, बुजुर्ग को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

IMG-20260723-WA0046

महिलाओं समेत आधा दर्जन पर लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से बरपाया कहर,आठ नामजद आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज, गांव में तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात।

अयोध्या ! हैदरगंज थाना क्षेत्र के कुआंडाड गांव में जमीनी विवाद के दौरान दो पक्षों के बीच हो रहे झगड़े में बीच-बचाव करना 62 वर्षीय बुजुर्ग को जान देकर चुकाना पड़ा। हथियारों से लैस हमलावरों ने बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ और आरोपियों ने मृतक के घर में घुसकर महिलाओं समेत आधा दर्जन लोगों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया।

बुधवार रात करीब नौ बजे गांव निवासी राजकुमार और राम अनुज के बीच जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हो रही थी। इसी दौरान बीच-बचाव कराने पहुंचे चैतू राम (62) पुत्र भभूती और खुशीराम पर पहले से लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी व अन्य धारदार हथियारों से लैस मानिक राम, हरेंद्र तथा उनके साथियों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने चैतू राम को बेरहमी से पीटकर मौत के घाट उतार दिया, जबकि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।पीड़ित पक्ष के अनुसार, इसके बाद हमलावर घर में घुस गए और नीरज, गुंजन, राजेश्वरी समेत आधा दर्जन लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण जुटे तो आरोपी मौके से फरार हो गए।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, सीओ बीकापुर सुनील कुमार सिंह, कोतवाल देवेंद्र पांडे तथा तारुन एसओ लालचंद सरोज ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों के विरोध के चलते करीब पांच घंटे बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र बालोद की तहरीर पर राम अनुज, मानिक राम, बाबूराम, हरेंद्र समेत आठ नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी जा रही है।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading