कांग्रेस, सपा और बसपा भाजपा को पहुंचा रहीं फायदा – डा0 करन त्रिपाठी
एमआईएम में शामिल होने के बाद पूर्व कांग्रेसी नेता का अयोध्या में स्वागत,बोले- दलितों, मुस्लिमों और ब्राह्मणों को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करती रही हैं पार्टियां,2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का ऐलान।
अयोध्या संवाददाता। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) में शामिल हुए पूर्व कांग्रेसी नेता डॉ. करन त्रिपाठी का पार्टी के अयोध्या जिला कार्यालय पर स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष शोएब वारसी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान डा0 करन त्रिपाठी ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर भाजपा को राजनीतिक फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया।डा0 करन त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने मुस्लिमों, दलितों और ब्राह्मणों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है। उन्होंने इन दलों पर परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि एमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी शोषित, वंचित वर्गों, किसानों, महिलाओं और युवाओं की आवाज उठा रहे हैं।उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एमआईएम को उत्तर प्रदेश में बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए काम किया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान में जुटने की अपील की।पार्टी जिलाध्यक्ष शोएब वारसी ने कहा कि डॉ. करन त्रिपाठी के अनुभव और कार्यशैली से संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करेंगे।कार्यक्रम में प्रदेश सचिव शहनवाज सिद्दीकी, महानगर अध्यक्ष शाकिर अंसारी, जिला महासचिव डॉ. शोएब खान, रुदौली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी शेर अफगान, अयोध्या नगर निगम के पूर्व प्रत्याशी रेहान सिद्दीकी, जिला मीडिया प्रभारी शोएब अंसारी समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। समापन पर डॉ. करन त्रिपाठी ने सभी का आभार जताते हुए पार्टी को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

