बाराबंकी : लोधेश्वर धाम से योगी का चुनावी शंखनाद, महादेवा कॉरिडोर की रखी आधारशिला

मुख्यमंत्री योगी ने 542 करोड़ की 82 विकास परियोजनाओं की सौगात, बाराबंकी की सभी छह सीटें जिताने का किया आह्वान।सपा-कांग्रेस पर बोला तीखा हमला, कहा- पहले ‘देख सपाई, बिटिया घबराई’, अब सुशासन और विकास की पहचान बना प्रदेश।
रामनगर (बाराबंकी) । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भगवान लोधेश्वर महादेव की नगरी से विकास और राजनीति, दोनों का संदेश दिया। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर बनने वाले महादेवा कॉरिडोर का शिलान्यास किया और 542.41 करोड़ रुपये की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखे राजनीतिक हमले किए तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का संकेत देते हुए बाराबंकी की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री सुबह हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने भगवान लोधेश्वर महादेव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया, निर्माणाधीन महादेवा कॉरिडोर का निरीक्षण किया तथा श्रावण मेले की तैयारियों का जायजा लिया।

इसके बाद विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी भी देखी।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 409.09 करोड़ रुपये की 56 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 133.31 करोड़ रुपये की 28 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र की 46 तथा रामनगर विधानसभा क्षेत्र की 36 परियोजनाएं शामिल हैं। साथ ही महादेवा कॉरिडोर की आधारशिला रखकर इसे प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का संकल्प दोहराया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक लोधेश्वर धाम की उपेक्षा हुई, लेकिन अब इसे विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि महादेवा कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।

उन्होंने गोला गोकर्णनाथ और मां विंध्यवासिनी धाम के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश की पहचान दंगों और अपराध से होती थी, जबकि आज उत्तर प्रदेश निवेश, विकास और सुशासन का मॉडल बन चुका है। उन्होंने कहा, “पहले नारा था- ‘देख सपाई, बिटिया घबराई’, लेकिन आज बेटियां सुरक्षित हैं और अपराधियों की जगह जेल में है।

उन्होंने सपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि अब सरकारी नौकरियों और योजनाओं में पारदर्शिता आई है।मुख्यमंत्री ने हॉकी के महान खिलाड़ी केडी सिंह बाबू की धरोहर को संरक्षित करने का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने उसे संग्रहालय के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव सहित प्रदेश की ऐतिहासिक विभूतियों को सम्मान दिलाने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने लोधेश्वर महादेव मंदिर के सामने की सड़क को फोरलेन बनाने के लिए जिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए और कहा कि सरकार इसके लिए धन उपलब्ध कराएगी। प्रगतिशील किसान रामसरन वर्मा की सराहना करते हुए उन्होंने कृषि और बाढ़ सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार बाराबंकी की सभी छह विधानसभा सीटों पर कमल खिलाना है। उन्होंने कहा कि भगवान लोधेश्वर महादेव का आशीर्वाद भाजपा के साथ है और जनता विकास के आधार पर फिर समर्थन देगी। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर दोपहर में लखनऊ के लिए रवाना हो गए।


