मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 254 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 254 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
राजकीय इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में हुआ सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने सभी नवविवाहित जोड़ों को दिए प्रमाण-पत्र
सहायता राशि एक लाख रुपये किए जाने के फैसले को बताया गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत
बाराबंकी(यूपी) ! मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में जिले के विभिन्न विकास खंडों के 254 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंध गए। वैदिक मंत्रोच्चार और सामाजिक परंपराओं के बीच संपन्न हुए विवाह समारोह में नवदंपतियों के साथ उनके परिजनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने नवविवाहितों को आशीर्वाद देकर विवाह प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संबल बनी है। पहले आर्थिक अभाव के कारण कई परिवार बेटियों का विवाह समय पर नहीं कर पाते थे, लेकिन अब सरकार सम्मानपूर्वक विवाह की व्यवस्था कर सामाजिक जिम्मेदारी निभा रही है।राज्यमंत्री ने योजना की सहायता राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने नवदंपतियों के सुखद, समृद्ध और सफल दांपत्य जीवन की कामना भी की।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, पूर्व विधान परिषद सदस्य हरगोविन्द सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. नीलम सिंह, अभिलाषा त्रिपाठी समेत जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। समाज कल्याण विभाग के समन्वय से कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

