चढ़ावा चोरीकांड : 40 घंटे की रिमांड पर राम मंदिर चढ़ावा चोरी के तीनों आरोपी, कई ठिकानों पर पहुंची पुलिस
आठ घंटे चली गहन पूछताछ, फर्जी रसीद मिलने की चर्चा,हासापुर, रुदौली व खांडसा समेत कई स्थानों पर साक्ष्य जुटाने में जुटी टीम।

अयोध्या ! राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में जिला कारागार में बंद तीनों आरोपियों अनुकल्प, लवकुश और करुणेश को पुलिस ने न्यायालय से मिली 40 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गुरुवार को जेल से बाहर लाए जाने के बाद तीनों का पुलिस लाइन में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद विवेचना अधिकारी आशुतोष तिवारी, राम जन्मभूमि थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने करीब आठ घंटे तक गहन पूछताछ की।सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध फर्जी रसीद भी मिली है, जिसकी सत्यता की जांच की जा रही है। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों को लेकर कई स्थानों पर पहुंची और संभावित साक्ष्य जुटाए। बताया जा रहा है कि टीम हासापुर भी गई, जहां आरोपियों द्वारा चोरी की रकम का आपस में बंटवारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा रुदौली, खांडसा समेत अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी पुलिस ने जांच- पड़ताल की।सूत्रों का कहना है कि रिमांड के दौरान पुलिस चोरी की रकम की बरामदगी, उसके उपयोग, संभावित सहयोगियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य अहम पहलुओं की पड़ताल कर रही है।हालांकि अब तक पुलिस की ओर से पूछताछ, बरामदगी अथवा जांच में मिले तथ्यों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में सूत्रों से मिली जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि अभी शेष है।

