बाराबंकी : रास्ता पूछते समय काल बनकर आया डंपर, कार सवार शिक्षक दंपति समेत चार की मौत
बेटी को लखनऊ छोड़ने जा रहा था परिवार, यू-टर्न लेते समय हुआ भीषण हादसा; सात वर्षीय बच्ची गंभीर घायल, चालक फरार।
बाराबंकी ! मसौली थाना क्षेत्र में बांदा-बहराइच मार्ग पर बिंदौरा चौराहे के पास मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार डंपर ने ऑल्टो कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार सरकारी शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और बेटे की मौत हो गई, जबकि सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑल्टो सवार परिवार रास्ता पूछने के बाद सड़क पर यू-टर्न लेने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान लखनऊ की ओर से रामनगर की तरफ जा रहे मौरंग लदे तेज रफ्तार डंपर ने कार को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का एक हिस्सा करीब एक फुट तक पिचक गया।
हादसे में श्रावस्ती के भिनगा निवासी सरकारी शिक्षक मोहम्मद शरीफ (50), उनकी पत्नी तबस्सुम (45), बेटी रुसदा (27) और बेटे उजैम (22) की मौत हो गई। परिवार मूलरूप से बलरामपुर का रहने वाला था। शरीफ की नौकरी भिनगा में होने के कारण परिवार वहीं रह रहा था।
बेटी को छोड़ने और रूटीन चेकअप के लिए निकला था परिवार
परिजनों के मुताबिक, रुसदा कुछ दिन पहले घर आई थी। मंगलवार को शरीफ और तबस्सुम उसे लखनऊ छोड़ने जा रहे थे। वहां दंपती को अपना रूटीन चेकअप भी कराना था। उजैम और सात वर्षीय हुदा ने भी साथ चलने की इच्छा जताई। इसके बाद पांचों ऑल्टो कार से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे।बिंदौरा चौराहे के पास रास्ता भूलने पर परिवार कार मोड़कर वापस जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सीएचसी में चार को मृत घोषित किया
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस से बड़ागांव सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद शरीफ, तबस्सुम, रुसदा और उजैम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय हुदा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

सीएमओ ने अस्पताल पहुंचकर जाना बच्ची का हाल
जिला अस्पताल पहुंचकर सीएमओ डा0 रंजन गौतम ने घायल बच्ची के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बच्ची का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

