विधायक रामचंद्र यादव ने प्रभावित परिवारों से जाना हाल, बांटीं 350 राहत किट

बाढ़ प्रभावितों के बीच पहुंचे विधायक, बांटीं 350 राहत किट
विधायक रामचंद्र यादव ने प्रभावित परिवारों से जाना हाल, 700 और किट बांटने का ऐलान
रुदौली(अयोध्या)। बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच मंगलवार को विधायक रामचंद्र यादव पहुंचे और पस्ता माफी बाढ़ चौकी पर 350 राहत किट का वितरण कराया। विधायक ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और राहत कार्यों की जानकारी ली। कैथी मांझा, पटरंगा मांझा, सराय नासिर, मुजेहना, अब्बूपुर, पसैया तटबंध और नैपुरा के आंशिक बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट दी गईं।
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन के साथ लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र में इस सत्र में अब तक 12 चरणों में 3390 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। आठ अगस्त से शुरू हुआ राहत वितरण 29 सितंबर को 350 किट के वितरण के साथ आगे बढ़ा।

राहत किट में आटा, चावल, दाल, आलू, प्याज, नमक, नहाने की बाल्टी और तिरपाल समेत कुल 26 प्रकार की सामग्री शामिल है। विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार सर्वे कराया जा रहा है। जरूरतमंद परिवारों को राहत उपलब्ध कराने के लिए 700 और राहत किट वितरित कराई जाएंगी।

इस दौरान एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता, ग्राम प्रशासक कैथी मांझा राम सदल, क्षेत्रीय लेखपाल नकछेद भारती, महेंद्र वर्मा और शिव प्रताप मौजूद रहे।

