महादेवा में आस्था के सैलाब के बीच हादसे, एक श्रद्धालु की मौत, किशोर घायल
घंटी गिरने से 10 वर्षीय बालक के सिर में लगी चोट, उमस और भीड़ में कई महिला श्रद्धालुओं की बिगड़ी तबीयत।

रामनगर, बाराबंकी ! सावन के दूसरे सोमवार को लोधेश्वर महादेवा मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भारी भीड़ और उमस भरी गर्मी के बीच एक श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वहीं मंदिर के गर्भगृह में पूजा के दौरान घंटा गिरने से 10 वर्षीय किशोर घायल हो गया। इसके अलावा कई महिला श्रद्धालुओं की भी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें पीएचसी महादेवा में उपचार दिया गया।आगरा जिले के फरेरा गांव निवासी वीरपाल सिंह सोमवार को परिवार के साथ लोधेश्वर महादेवा दर्शन के लिए पहुंचे थे। बताया गया कि अभरन सरोवर में स्नान करने के बाद वह जलाभिषेक के लिए मंदिर खुलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान लोधौरा चौराहे के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह अचेत होकर गिर पड़े। परिजन व अन्य श्रद्धालु उन्हें तत्काल सीएचसी सूरतगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गर्भगृह में घंटा गिरने से किशोर घायल

सोमवार की।सुबह मंदिर के गर्भगृह में दर्शन-पूजन के दौरान अचानक घंटा गिर गया। इसकी चपेट में आने से 10 वर्षीय दीपांशु के सिर में चोट लग गई। परिजन उसे तत्काल पीएचसी महादेवा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया।

उमस और भीड़ में बिगड़ी महिलाओं की तबीयत
महादेवा में उमड़ी भारी भीड़ और उमस भरी गर्मी के कारण कई महिला श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। कुछ महिलाओं को बेहोशी की हालत में पीएचसी महादेवा पहुंचाया गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल उपचार किया। हालत में सुधार होने के बाद उन्हें परिजनों के साथ भेज दिया गया। भीड़ के बीच स्वास्थ्य विभाग की टीमें बीमार श्रद्धालुओं को उपचार उपलब्ध कराने में जुटी रहीं।

महादेवा में जगह-जगह सजे भंडारे, श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद
सावन के दूसरे सोमवार पर लोधेश्वर महादेवा में जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, वहीं उनकी सेवा के लिए जगह-जगह भंडारे भी आयोजित किए गए।समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद और पानी वितरित कर सेवा भाव की मिसाल पेश की।रामनगर-महादेवा मार्ग पर केसरीपुर मोड़ के पास राजन मिश्रा और रोहित मिश्रा की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही यहां श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भंडारे में छोला-चावल, पूड़ी-सब्जी समेत विभिन्न प्रकार का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।भंडारे में नगर पंचायत अध्यक्ष रामशरण पाठक, समाजसेवी केपी तिवारी और गौरीकांत दीक्षित समेत अन्य लोगों ने पहुंचकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। आयोजकों और कार्यकर्ताओं ने भीड़ को व्यवस्थित करने के साथ श्रद्धालुओं के लिए पानी की व्यवस्था भी संभाली।व्यापार मंडल अध्यक्ष रविकांत पांडेय, पवन ओझा सहित अन्य लोगों ने भी भंडारे में सहयोग किया। दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने भी प्रसाद ग्रहण किया। सावन के सोमवार पर महादेवा में जहां शिवभक्ति का उल्लास नजर आया, वहीं जगह-जगह आयोजित भंडारों के जरिए सेवा, सहयोग और मानवता की तस्वीर भी दिखाई दी।

