September 20, 2026

बाराबंकी : अलियाबाद क्षेत्र में भरभराकर ढही पुरानी दीवार , मलबे में दबकर दो बच्चों की दर्दनाक मौत

barabanki-wall-collapse-(1)

खेलते समय पांच बच्चे आए चपेट में, तीन गंभीर घायल; एक ही परिवार के बच्चों पर टूटा कहर।

दरियाबाद (बाराबंकी) ! पुलिस चौकी अलियाबाद अंतर्गत गुलचप्पा कला गांव में गुरुवार की सुबह उस समय हृदयविदारक हादसा हो गया, जब रास्ते के किनारे खड़ी पुरानी पक्की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में खेल रहे पांच बच्चे दब गए। हादसे में एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल ले जाते समय दूसरी बच्ची ने दम तोड़ दिया। तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और मातम छा गया।

गुलचप्पा कला निवासी मोहम्मद मुस्लिम की सात वर्षीय बेटी उजैफा, 14 वर्षीय हाजरा बानो, सलमान का आठ वर्षीय बेटा हस्सान, चार वर्षीय हानियां और अब्दुल मन्नान का 14 वर्षीय बेटा अदनान घर के पास खेल रहे थे। बताया गया कि कुछ बच्चे मदरसे जाने के लिए मंजन करने के लिए भी दीवार के पास पहुंचे थे। इसी दौरान रास्ते के किनारे खड़ी पुरानी दीवार अचानक भरभराकर बच्चों के ऊपर गिर गई।

शोर सुनकर दौड़े ग्रामीण, मलबा हटाकर निकाला

दीवार गिरते ही बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने आनन-फानन मलबा हटाकर सभी बच्चों को बाहर निकाला। उजैफा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं चार घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हाजरा बानो की भी मौत हो गई। तीन घायल बच्चों का इलाज चल रहा है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बच्चों की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।कोतवाल धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दीवार गिरने से एक बच्चे की मौके पर मौत हुई, जबकि दूसरी छात्रा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। अन्य घायल बच्चों का उपचार चल रहा है। शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading