यूपी : ‘ऑपरेशन पकड़’ के तहत बाराबंकी पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, पांच वांछित गिरफ्तार
बड्डूपुर में मोबाइल चोर दबोचा, दो चोरी के फोन बरामद; देवा पुलिस ने तीन वांछितों को पकड़ा,अपहरण के मामले में आरोपी गिरफ्तार, अपहृता सकुशल बरामद; 13 पर शांतिभंग में कार्रवाई।

बाराबंकी। अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन पकड़” के तहत बाराबंकी पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पांच वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस दौरान चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं, अपहरण के एक मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया। अभियान के दौरान 13 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में भी कार्रवाई की गई।
बड्डूपुर पुलिस ने मोबाइल चोर को पकड़ा।
बड्डूपुर थाना पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित विवेक वर्मा निवासी टड़वागदमानपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने साथी आजाद के साथ मिलकर घुंघटेर, बाराबंकी और सीतापुर में मोबाइल व मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उसका साथी आजाद पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है। विवेक के खिलाफ बाराबंकी और सीतापुर में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।

देवा पुलिस ने तीन वांछित दबोचे।
देवा थाना पुलिस ने मारपीट समेत अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित मुन्ना, कदीर अहमद और अंकित यादव को गिरफ्तार किया। तीनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
अपहृता सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार।
देवा पुलिस ने अपहरण के मामले में कार्रवाई करते हुए अपहृता को सकुशल बरामद कर आरोपी अशरफ खान निवासी प्रतापगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

