अयोध्या : सीओ सदर की कुर्सी संभालने के बाद प्रतीक चौहान ने बताई अपनी प्राथमिकताएं
जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर रहेगा जोर।
अयोध्या ! 2018 बैच के प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) अधिकारी प्रतीक चौहान ने अयोध्या में सीओ सदर एवं सीओ लाइन का कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी प्रतीक चौहान की पुलिस सेवा में पहली तैनाती वाराणसी में हुई थी। वहां उन्होंने करीब चार वर्षों तक विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। इसके बाद 26 जून को उनका स्थानांतरण अयोध्या किया गया। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी ली।सीओ प्रतीक चौहान ने कहा कि जनसुनवाई को और प्रभावी बनाकर फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों को जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना और जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित कर सुरक्षित माहौल बनाने पर भी विशेष जोर रहेगा।

