बाराबंकी : हिरण को जकड़कर निगलने लगा 20 फीट का अजगर, शोर मचा तो छोड़कर भागा
मुबारकपुर के जंगल में मचा हड़कंप, दम घुटने से हिरण की मौत,वन विभाग की टीम के समय पर न पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश, निगरानी बढ़ाने की मांग।
बाराबंकी। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के बाहर रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 20 फीट लंबे अजगर ने एक हिरण को अपनी जकड़ में ले लिया। ग्रामीणों के मुताबिक अजगर हिरण को निगलने का प्रयास कर रहा था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने झाड़ियों में हलचल देखी तो मौके पर पहुंचे। वहां विशाल अजगर को हिरण को जकड़े देख लोगों के होश उड़ गए। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो अजगर हिरण को छोड़कर जंगल की ओर चला गया।
ग्रामीणों का कहना है कि अजगर की पकड़ में रहने के दौरान हिरण की हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है। खासकर बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित हैं।
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची। उनका कहना है कि क्षेत्र में अक्सर जंगली जानवर दिखाई देते हैं, लेकिन निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।अजगर के आबादी वाले क्षेत्र में लौटने की आशंका को देखते हुए गांव के कुछ युवा जंगल के आसपास निगरानी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से अजगर की तलाश कराने, क्षेत्र का निरीक्षण करने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

