बाराबंकी ! जिले की पुलिस ने हासिल की बड़ी सफलता,सीईआईआर के जरिए ढूंढ निकाले 17 लाख के 83 गुम मोबाइल
पुलिस ने असली मालिकों को सौंपे फोन, आठ माह में 1.73 करोड़ के 868 से अधिक मोबाइल बरामद।
बाराबंकी ! गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे रविवार को उस समय खिल उठे, जब बाराबंकी पुलिस ने तकनीकी मदद से उनके मोबाइल खोजकर वापस सौंप दिए। पुलिस ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से 83 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सर्विलांस सेल और थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने अभियान चलाया। टीमों ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल के आईएमईआई नंबर और तकनीकी जानकारी के आधार पर ट्रैकिंग की।

इसके बाद अलग-अलग स्थानों से 83 मोबाइल बरामद करने में सफलता मिली।रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्राधिकारी सदर आलोक कुमार पाठक ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना फोन हाथ में आते ही लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लोगों ने बाराबंकी पुलिस की इस पहल के लिए आभार जताया।

आठ माह में 868 से अधिक मोबाइल लौटाए
पुलिस के अनुसार पिछले आठ माह में मोबाइल रिकवरी टीम ने 868 से अधिक गुम मोबाइल बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.73 करोड़ रुपये है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर भी रिपोर्ट करें। कार्यक्रम में साइबर अपराध से बचाव, हेल्पलाइन 1930 और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

