बाराबंकी : पीएसी जवान की मौत, ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज से तनाव की आशंका
महादेवा मेले की ड्यूटी पर जाने से पहले बैरक में उठाया आत्मघाती कदम, 2021 बैच का था सिपाही।
बाराबंकी। मसौली क्षेत्र स्थित 10वीं वाहिनी पीएसी परिसर में रविवार सुबह एक सिपाही की मौत से हड़कंप मच गया। सिपाही का शव बैरक में मिला। मृतक की पहचान मेरठ निवासी 34 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, दीपक कुमार की ड्यूटी श्रावण मेले के दौरान महादेवा मंदिर में लगाई गई थी। रविवार सुबह उसकी टीम ड्यूटी के लिए रवाना हो गई, लेकिन दीपक बैरक में ही रुक गया। कुछ समय बाद साथी जवानों ने उसे बैरक में देखा और अधिकारियों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पीएसी कमांडेंट राकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दीपक कुमार ऑनलाइन गेमिंग करता था। बताया जा रहा है कि गेमिंग में आर्थिक नुकसान के चलते उस पर कर्ज बढ़ गया था। परिवार के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में भी था। हालांकि, उसकी मौत की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।दीपक वर्ष 2021 बैच का सिपाही था। करीब चार वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसकी दो वर्ष की बेटी है। मृतक के बड़े भाई अजय सिंह नोएडा में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। उन्होंने भी बताया कि दीपक पिछले कुछ समय से तनाव में था। परिवार में तीन भाई और दो बहनें हैं। छोटा भाई कृषि विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है।

ऑनलाइन गेमिंग को लेकर सतर्क रहने की जरूरत
विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार ऑनलाइन गेमिंग और उसमें आर्थिक नुकसान व्यक्ति पर मानसिक व आर्थिक दबाव बढ़ा सकता है। ऐसी स्थिति में परिवार और मित्रों को व्यवहार में अचानक आए बदलावों को गंभीरता से लेना चाहिए। तनाव या आर्थिक परेशानी महसूस होने पर समय रहते परिजनों, भरोसेमंद लोगों और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से मदद लेना जरूरी है।

