बाराबंकी : लोधेश्वर जा रहे 40 कांवरियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली खेत में पलटी,कई घायल मची चीख-पुकार
सुरजना भारी मोड़ पर तेज रफ्तार में अनियंत्रित हुआ वाहन, कई कांवरिए घायल,एक कांवरिए की हालत गंभीर, पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बाराबंकी ! सावन में लोधेश्वर महादेवा के जलाभिषेक के लिए भगौली तीर्थ जा रहे कांवरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रविवार को बड्डूपुर थाना क्षेत्र में सुरजना भारी मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार कांवरियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में कई कांवरिए घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक कांवरिए को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रैक्टर – ट्राली में करीब 40 कांवरिए थे सवार।
सीतापुर के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के शहरा गांव से करीब 40 कांवरिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से भगौली तीर्थ जल भरने जा रहे थे। सुरजना भारी मोड़ के पास तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से उतरकर खेत में पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार कांवरिए एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे।दुर्घटना में अभिषेक पुत्र रामनरेश, उत्तम, उमाशंकर, सचिन और अमित समेत कई कांवरिए घायल हुए। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों को भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा।
हादसे की सूचना मिलते ही बड्डूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने ट्रॉली में फंसे और घायल कांवरियों को बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

