इन रिश्ते नातों का क्या..? देवर संग जाने पर अड़ी दो बच्चों की मां, पति ने भाई के साथ किया विदा
पांच दिन बाद सारनाथ में देवर के साथ मिली महिला, घंटों चली पंचायत के बाद भी फैसले पर कायम रही।घटना ने रिश्तों की मर्यादा और पारिवारिक मूल्यों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया।

सारनाथ ! देवर-भाभी का रिश्ता समाज में मां-बेटे के समान पवित्र और मर्यादित माना जाता है। लेकिन सारनाथ में सामने आई एक घटना ने इस रिश्ते को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए। दो बच्चों की मां अपने देवर के साथ घर से चली गई और पांच दिन बाद दोनों सारनाथ क्षेत्र में एक साथ मिले। परिजन महिला को वापस घर ले जाने पहुंचे, लेकिन उसने पति के साथ लौटने से साफ इनकार कर दिया। वह देवर के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही। घंटों चली पंचायत के बाद आखिरकार पति ने पत्नी को अपने छोटे भाई के साथ जाने की सहमति दे दी।
जानकारी के मुताबिक, महिला 28 जुलाई को दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। उसी दिन उसका देवर भी लापता हो गया। परिजनों ने दोनों की काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। पांच दिन बाद दोनों सारनाथ क्षेत्र में एक साथ मिले। जानकारी मिलने पर परिजन वहां पहुंचे और महिला को घर लौटने के लिए समझाया, लेकिन उसने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया।इसके बाद मामला थाने पहुंचा। दोनों पक्षों के परिजनों की मौजूदगी में करीब तीन घंटे तक बातचीत और पंचायत चली। महिला अपने फैसले पर अडिग रही। अंततः आपसी सहमति के बाद वह अपने दोनों बच्चों के साथ देवर के साथ चली गई।

