बाराबंकी पुलिस को बड़ी सफलता, शातिर अंतरजनपदीय वाहन व मोबाइल चोर गिरफ्तार
बड्डूपुर पुलिस ने दो चोरी की बाइक और आठ मोबाइल बरामद किए, सीतापुर व बाराबंकी की कई वारदातों का खुलासा; साथी की तलाश जारी।

बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बड्डूपुर पुलिस ने शनिवार को एक शातिर अंतरजनपदीय चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें तथा आठ चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में उसके फरार साथी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजाद पुत्र सप्पू निवासी ग्राम डफरापुर, थाना बड्डूपुर के रूप में हुई है। उसे सलेमपुर कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विवेक वर्मा के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों से वाहन और मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।जांच में सामने आया कि 30 जुलाई 2026 को बाबागंज बाजार, घुंघटेर से चोरी की गई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल तथा 15 जुलाई 2026 को सीतापुर के गौडैचा चौराहे के पास से चोरी की गई हीरो एक्सट्रीम बाइक इसी गिरोह ने चुराई थी। इसके अलावा महमूदाबाद के बिलौली बाजार से चोरी किया गया एक वीवो मोबाइल भी बरामद हुआ। बरामद मोटरसाइकिलों और मोबाइल के संबंध में सीतापुर और बाराबंकी के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक टीवीएस अपाचे, एक हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल और आठ चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध बाराबंकी, लखनऊ और सीतापुर जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।इस कार्रवाई को थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनकर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिव सिंह कुशवाहा तथा पुलिस टीम के अन्य जवानों ने अंजाम दिया। पुलिस फरार आरोपी विवेक वर्मा की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

