August 2, 2026

श्रावण मेला 2026: महादेवा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रविवार से सोमवार रात तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

IMG-20260802-WA0024

डीएम ईशान प्रताप सिंह व एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने अधिकारियों को किया ब्रीफ, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए जारी की गई विस्तृत व्यवस्था।

बाराबंकी। श्रावण मास मेला-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने थाना रामनगर क्षेत्र स्थित महादेवा ऑडिटोरियम में ड्यूटी पर तैनात राजपत्रित अधिकारियों व कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की।
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने लोधेश्वर महादेवा मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।

इसी क्रम में पुलिस प्रशासन ने श्रावण मास मेला-2026 के दौरान भारी और हल्के वाहनों के लिए विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी जारी किया है।गोण्डा और बहराइच से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को टिकोरा मोड़-चहलारी घाट-सीतापुर मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि छोटे वाहन चौकाघाट, मरकामऊ, बदोसराय और सफदरगंज होकर मुख्य मार्ग पर पहुंचेंगे। लखनऊ से गोण्डा और बहराइच जाने वाले भारी वाहन भी सीतापुर-चहलारी घाट मार्ग का उपयोग करेंगे, जबकि हल्के वाहन सफदरगंज, बदोसराय और चौकाघाट होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।

बाराबंकी शहर में हिंद हॉस्पिटल, असैनी मोड़, हैदरगढ़ ओवरब्रिज, पल्हरी ओवरब्रिज और चौपुला से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। एफसीआई गोदाम देवा मार्ग के लिए भी अलग रूट निर्धारित किया गया है। फतेहपुर कस्बे में फूलपुर चौराहे की ओर से रामनगर जाने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।व्यापारिक वाहनों को रात्रि 11 बजे से सुबह 4 बजे के बीच ही माल उतारने की अनुमति होगी तथा उन्हें यातायात प्रभारी को पूर्व सूचना देनी होगी। रोडवेज बसों के संचालन के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को कम से कम परेशानी हो।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित सभी आकस्मिक सेवाओं के वाहनों को डायवर्जन के दौरान नहीं रोका जाएगा। यह डायवर्जन श्रावण मास के प्रत्येक रविवार सुबह 7 बजे से सोमवार रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगा।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading