बाराबंकी : मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित दौरे को लेकर श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में तैयारियां तेज
महादेवा कॉरिडोर के शिलान्यास और जनसभा की तैयारी, मंत्री व अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा।

बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर लोधेश्वर महादेवा धाम में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सोमवार को महादेवा मेला मैदान पहुंचकर महादेवा कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे का अंतिम आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी होना शेष है।
शनिवार को प्रस्तावित कार्यक्रम की सूचना मिलने के बाद प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने महादेवा अतिथि गृह में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ मेला मैदान का निरीक्षण कर मंच, सभा स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भुल्लन वर्मा, एमएलसी अंगद सिंह, जिला पंचायत सदस्य राजरानी रावत, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, कस्बा अध्यक्ष रामशरण पाठक, ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी ए. सुदन, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम आकांक्षा गुप्ता, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, कोतवाल अरुण प्रताप सिंह, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, ग्राम प्रधान राजन तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।उधर, लोक निर्माण विभाग की टीम ने मेला मैदान में पंडाल निर्माण के लिए नाप-जोख का कार्य शुरू कर दिया है। पूरे परिसर में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए मेला मैदान में हेलीपैड निर्माण की तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं। प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

