July 20, 2026

बाराबंकी : शॉर्ट सर्किट से बाइक पार्ट्स की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख

IMG-20260719-WA0015

दमकल की गाड़ियों का पानी खत्म होने से बढ़ी परेशानी, पोर्टेबल पंप भी मौके पर नहीं दे सका साथ।

बाराबंकी। शहर के लखपेड़ाबाग चौराहा स्थित जय दुर्गा ऑटोमोबाइल्स की दुकान में शनिवार को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा बाइक पार्ट्स का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआती कार्रवाई के दौरान दमकल की दोनों गाड़ियों का पानी करीब 10 मिनट में ही समाप्त हो गया। इससे आग पर तत्काल काबू पाने में देरी हुई और लपटें लगातार बढ़ती रहीं। इस दौरान दुकान मालिक सुशील कुमार गुप्ता सहित स्थानीय व्यापारियों ने फायर ब्रिगेड की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि यदि पर्याप्त पानी और संसाधन उपलब्ध होते तो नुकसान कम हो सकता था।

करीब 20 से 25 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां दोबारा पानी लेकर मौके पर पहुंचीं। इसी बीच नाले और अन्य जलस्रोतों से पानी खींचने के लिए फायर विभाग का पोर्टेबल हाई प्रेशर पंप भी लाया गया। मौके पर उसमें पेट्रोल डालकर कई बार स्टार्ट करने की कोशिश की गई, लेकिन पंप तुरंत चालू नहीं हुआ। काफी प्रयास के बाद मशीन चली भी तो पर्याप्त प्रेशर नहीं बना, जिससे उसका अपेक्षित उपयोग नहीं हो सका। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया।हालांकि तब तक दुकान में रखा बाइक के स्पेयर पार्ट्स, लुब्रिकेंट और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।अग्निशमन विभाग का कहना है कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया। वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया।फिलहाल शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। नुकसान का अंतिम आकलन किया जा रहा है।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading