July 20, 2026

बाराबंकी : डीजल भरवाने के क्रम को लेकर पेट्रोल पंप पर मारपीट, युवक घायल

IMG-20260719-WA0002

दरियाबाद कस्बे के पेट्रोल पंप पर लाइन को लेकर ग्राहक और कर्मचारियों में हुआ विवाद,नोजल से सिर पर वार करने का आरोप, पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई।

बाराबंकी ! दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के कस्बा दरियाबाद स्थित एक पेट्रोल पंप पर रविवार को डीजल भरवाने के क्रम को लेकर ग्राहक और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। मारपीट में एक युवक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।घड़ियाली गांव निवासी जुनैद ट्रैक्टर में डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचे थे। उनका आरोप है कि निर्धारित क्रम की अनदेखी कर दूसरे वाहन में पहले डीजल भरा जाने लगा। विरोध करने पर पंप कर्मचारियों से कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई।जुनैद का आरोप है कि विवाद के दौरान पंप कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की और डीजल भरने वाले नोजल से सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। दूसरी ओर, पेट्रोल पंप संचालक का कहना है कि डीजल भरने में थोड़ी देर होने पर जुनैद ने कर्मचारियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।घटना के दौरान पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। कुछ देर तक मौके पर तनाव का माहौल रहा और भीड़ लगने से सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।सूचना मिलने पर दरियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कोतवाल धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घायल का उपचार कराया गया है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading