रुदौली स्टेशन पर बंद रास्ते से बढ़ी यात्रियों की परेशानी, विधायक रामचंद्र यादव ने डीआरएम के सामने उठाया मुद्दा
प्लेटफॉर्म-2 की ओर नगर से आवागमन बहाल करने की मांग, लाखों लोगों की सुविधा से जुड़ा बताया मामला।

रुदौली(अयोध्या)। रुदौली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म-2 की ओर नगर से आवागमन बंद होने से यात्रियों को हो रही परेशानी को लेकर विधायक रामचंद्र यादव ने पहल की है। उन्होंने शुक्रवार को उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर इस समस्या से अवगत कराया और जनहित में बंद मार्ग को तत्काल खोलने की मांग की।विधायक ने डीआरएम को बताया कि रेलवे स्टेशन रुदौली पर प्लेटफॉर्म-2 की ओर नगर की तरफ जाने वाला मार्ग रेलवे द्वारा दीवार खड़ी कर अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इससे रुदौली नगर समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि रुदौली रेलवे स्टेशन पर अधिकांश रेलगाड़ियां प्लेटफॉर्म-2 पर ही रुकती हैं। नगर की ओर से आने वाले यात्रियों को अब स्टेशन पहुंचने के लिए ओवरब्रिज के रास्ते से होकर एक किलोमीटर से अधिक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि यह मार्ग लंबे समय से नगर और रेलवे स्टेशन के बीच आवागमन का प्रमुख माध्यम रहा है। मार्ग बंद होने से आम जनता को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने जनहित को प्राथमिकता देते हुए मार्ग को जल्द खोलने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।मंडल रेल प्रबंधक ने विधायक द्वारा उठाए गए मामले को गंभीरता से सुना और पूरे प्रकरण का परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे के सुरक्षा मानकों और नियमों को ध्यान में रखते हुए समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

