July 16, 2026

बाराबंकी : ब्लैकमेलिंग के आरोप में दो कथित पत्रकार गिरफ्तार

IMG-20260714-WA0039

जेई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, स्टिंग ऑपरेशन और झूठी खबर प्रकाशित कर फंसाने की धमकी देने का आरोप।

मसौली (बाराबंकी)। बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) से कथित रूप से ब्लैकमेलिंग और उगाही करने के आरोप में मसौली पुलिस ने खुद को पत्रकार बताने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने अवर अभियंता लाल जी सिंह की तहरीर पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, अवर अभियंता ने अपनी शिकायत में बताया कि 6 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने रो-हाउस के लिए विद्युत कनेक्शन लेने की बात कही। इसके बाद 10 जुलाई को दोनों व्यक्ति मसौली विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और खतौनी समेत अन्य दस्तावेज दिखाकर कनेक्शन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। कुछ देर बाद वे वहां से चले गए।
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद दोनों दोबारा उपकेंद्र पहुंचे और परियोजना से संबंधित आवेदन, आधार कार्ड, एग्रीमेंट और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत किए। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने कार्य कराने के लिए रिश्वत देने का प्रयास किया। जेई द्वारा इनकार किए जाने पर दोनों ने स्वयं को एक समाचार पोर्टल का पत्रकार बताते हुए परिचय पत्र दिखाया और स्टिंग ऑपरेशन कर रिश्वत मांगने के मामले में फंसाने, नौकरी से निकलवाने तथा समाचार प्रकाशित कर बदनाम करने की धमकी दी।जेई ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई और पूछताछ की। इसके बाद अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।मसौली पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading