June 25, 2026

एक करोड़ 13 लाख की लागत से होगा सतनामी भूलामऊ आश्रम का विकास, विधायक ने किया भूमि पूजन

IMG-20260625-WA0033

पर्यटन विभाग की योजना के तहत बनेंगे मल्टीपरपज हॉल, सुलभ प्रसाधन, पेयजल व प्रकाश व्यवस्था के संसाधन

मवई,अयोध्या ! रुदौली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भूलामऊ स्थित ऐतिहासिक सतनामी भूलामऊ आश्रम के विकास कार्यों का भूमि पूजन बुधवार को विधायक रामचंद्र यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से किया। इस अवसर पर महंत सुग्रीव दास व महंत अशोक दास सहित जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।पर्यटन विभाग की ओर से स्वीकृत इस परियोजना पर 112.79 लाख रुपये की लागत खर्च की जाएगी। योजना के तहत आश्रम परिसर में मल्टीपरपज हॉल, सुलभ प्रसाधन, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बेंच, साइनेज तथा बारकोड सहित विभिन्न सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। कार्य का दायित्व सीएंडडीएस, यूनिट-44, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), अयोध्या को सौंपा गया है। निर्माण कार्य 15 जून 2026 से प्रारंभ हो चुका है, जिसे 14 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

भूमि पूजन के दौरान विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सतनामी भूलामऊ आश्रम का विकास क्षेत्र की धार्मिक आस्था को नई पहचान देने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह परियोजना स्वीकृत कराई गई है।

सतनामी भूलामऊ आश्रम का इतिहास लगभग 500 वर्ष पुराना बताया जाता है। यह तपोभूमि गद्दी सतनामी बाबा गजाधर दास की समाधि स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। मान्यता है कि बाबा गजाधर दास संत होने के साथ गृहस्थ जीवन भी व्यतीत करते थे। उनके दो पुत्र बाबा माधव दास और बाबा उद्धव दास थे। स्थानीय श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, जिसके चलते दूर-दराज से लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

इस अवसर पर अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष किशोरीलाल भारती,निर्मल शर्मा,वेदप्रकाश दास अशोक दास, श्रीकृष्ण दास, वीरेंद्र मिश्रा, तेज तिवारी, शीतला प्रसाद शुक्ला, सत्यप्रकाश यादव, मुकेश गुप्ता, देवीशंकर मिश्रा, अरुण दुबे, शिव राम मिश्रा, बृजेश दास, अमरनाथ दास, राजेश दास, सूरज दुबे, सुमित दास, पवन दुबे, गुल्लू मिश्रा, केतारनाथ दास, ओमप्रकाश मिश्रा, पंकज यादव, शिव कुमार मिश्रा,अमन मिश्रा, प्रदीप चौधरी, विकास मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। भूमि पूजन के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया तथा आश्रम परिसर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

You may have missed

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading