दीपावली पर सोधियावा गांव पहुंचे पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ, घर-घर मिठाई उपहार देकर बांटी की खुशियां

सहयोगी बंटी लाला के गांव में ग्रामीणों से लिया आशीर्वाद, ग्राम प्रधानों की मौजूदगी में लोगों से किया संवाद। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मिल्कीपुर में बढ़ाई सक्रियता।

मिल्कीपुर, अयोध्या ! दीपावली के पावन पर्व पर पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ अपनी विधानसभा क्षेत्र मिल्कीपुर के सोधियावा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने अपने छोटे भाई एवं सहयोगी बंटी लाला के गांव में घर-घर जाकर लोगों को मिठाई वितरित की और विधानसभा परिवार के लोगों से आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक दीपावली पर्व की सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
पूर्व विधायक ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान गांव में उत्साह का माहौल रहा। उनके साथ गुठवारा प्रधान गुड्डू सिंह, करमडांडा प्रधान मुकेश पंडित, खिहारन प्रधान अजीत मौर्य, मजनाई प्रधान कैलाश जायसवाल और अरमारूपीपुर प्रधान धर्मचंद्र मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि बाबा गोरखनाथ आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मिल्कीपुर क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। बीते 11 अक्टूबर को सिद्धिनाथन स्थित अपने आवास पर आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की मंशा भी सार्वजनिक की थी। उन्होंने मिल्कीपुर की 195 ग्राम पंचायतों तक पहुंचकर लोगों से संपर्क बनाए रखने की बात कही थी।
दीपावली पर सोधियावा गांव में घर-घर मिठाई उपहार बांटने और ग्रामीणों से आशीर्वाद लेने के इस कार्यक्रम को उनके क्षेत्रीय जनसंपर्क अभियान के रूप में भी देखा जा रहा है।

