बाराबंकी : स्कूल की राह बुझ गई इकलौते बेटे की जिंदगी,परिवार में मचा कोहराम

बाराबंकी ! नगर कोतवाली क्षेत्र के मालगोदाम रोड पर मंगलवार सुबह स्कूल जा रहे कक्षा आठ के छात्र की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ओमनगर बंकी निवासी 14 वर्षीय यश तिवारी किंग जॉर्ज इंटर कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र था। मंगलवार सुबह वह अपने सहपाठी चंदन कुशवाहा के साथ साइकिल से स्कूल जा रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यश आगे साइकिल चला रहा था, जबकि चंदन उसके पीछे था। मालगोदाम रोड पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने यश को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने घायल छात्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।यश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।हादसे की सूचना मिलते ही किंग जॉर्ज इंटर कॉलेज में शोक की लहर दौड़ गई।

विद्यालय प्रशासन ने छात्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मंगलवार का आकस्मिक अवकाश घोषित कर दिया। सहपाठियों और शिक्षकों ने यश को श्रद्धांजलि अर्पित की।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

