बाराबंकी : नवरात्र पर मथुरानगर में सजेगा मां वैष्णों का दरबार,भव्य पंडाल सजाने की तैयारी शुरू
दरियाबाद (बाराबंकी) ! दरियाबाद के मथुरानगर रेलवे स्टेशन पर आगामी नवरात्र पर भव्य मां वैष्णों का दरबार सजेगा। पांच दिनों तक मथुरानगर में मां वैष्णों के साथ काल भैरव के दर्शन होंगे। दर्शन के लिए लकड़ी से बनाए गए पहाड़ों से भक्तों को गुजरना पड़ेगा। मां के दरबार को बनाने का कार्य यहां पर बल्ली व भूमि पूजन के साथ शुरू हो गया है।
दरियाबाद के मथुरानगर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार मां वैष्णों का दरबार सजाया जाएगा। भव्य दरबार को सजाने में करीब एक माह का वक्त लगता है। इस बार नवरात्र पर पांच दिनों तक यहां महोत्सव की धूम रहेगी। इलाके के श्रद्धालुओं को नवरात्र के पांच दिन दर्शन होंगे। दरबार सजाने के लिए कारीगर पहुंच चुके हैं। यहां पर पुरोहित राजेश पंडित ने बल्ली पूजन कराया। बल्ली पूजन एसपी तिवारी, डॉ अमर सिंह, शिवकुमार गुप्ता, वरुण तिवारी, शिवानंद, शिवदयाल गुप्ता राजू यज्ञसैनी ने किया। जिसके बाद कारीगर दरबार बनाने का कार्य आरंभ किया। यहां पर पर्वत पर मां वैष्णों जी का दरबार, काल भैरव, अमरनाथ की गुफा, बाण गंगा के दर्शन कराए जाएंगे। पूजन कार्यक्रम के दौरान प्रधान सलीम, दिलीप कुमार, बब्लू तिवारी आदि मौजूद रहे।