August 23, 2026

बाराबंकी ! सफदरगंज में दर्दनाक हादसा , चलती कार बनी आग का गोला,एक व्यक्ति की जलकर मौ..त

IMG-20260823-WA0042

कार से निकलने का नहीं मिला मौका, बघौरा संपर्क मार्ग पर दर्दनाक हादसा,शॉर्ट सर्किट की आशंका, आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस।

बाराबंकी ! सफदरगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चलती वैगनआर कार आग का गोला बन गई। कार में सवार बाराबंकी कचहरी के स्टाम्प वेंडर एवं दस्तावेज नवीस राजनारायण वर्मा (60) की वाहन के भीतर जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसा बघौरा ओवरब्रिज से बरियारपुर जाने वाले संपर्क मार्ग पर सुबह करीब 8:30 बजे हुआ।

जानकारी के मुताबिक विजय नगर, बाराबंकी निवासी राजनारायण वर्मा अपनी मां से मिलने के लिए पैतृक गांव बघौरा जा रहे थे। गांव के बाहर संपर्क मार्ग पर उनकी पेट्रोल कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि राजनारायण को वाहन से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

कार में आग लगी देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सफदरगंज थाना प्रभारी अमर चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और राजनारायण वर्मा की मौत हो चुकी थी।

राजनारायण वर्मा बाराबंकी कचहरी में लंबे समय से स्टाम्प वेंडर और बैनामा लेखन का कार्य करते थे। उनके परिवार में मां बबिता वर्मा, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्री का विवाह हो चुका है, जबकि पुत्र आंध्र प्रदेश में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में कार में शॉर्ट सर्किट अथवा तकनीकी खराबी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading