शर्मनाक: वेखौफ युवकों ने मथुरा में महिला कॉन्स्टेबल पर डाला तेजाब, हालत गंभीर

मथुरा ! मथुरा के थाना सदर बाजार के अंतर्गत दामोदरपुरा में एक महिला कॉन्स्टेबल के ऊपर कुछ युवकों ने तेजाब डाल दिया। तेजाब डालने के बाद युवक फरार हो गए। महिला कांस्टेबल को गंभीर अवस्था में आगरा रेफर कर दिया गया है। इस घटना से पुलिस विभग में हड़कंप मच गया है।महिला कांस्टेबल नीलम दामोदरपुरा में रहती है और श्री कृष्ण जन्मस्थान पर उसकी ड्यूटी है। आज सुबह करीब 5:00 बजे महिला कांस्टेबल श्री कृष्ण जन्म स्थान पर ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही थी। जैसे ही वह दामोदरपुरा के निकट पहुंची, कुछ युवक वहां पहुंचे और उस पर तेजाब डाल दिया। तेजाब डालते ही महिला चीखने लगी। इस दौरान युवक वहां से भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी तत्काल मौके पर पहुंच गये। महिला कांस्टेबल को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी गंभीर अवस्था को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार महिला कॉन्स्टेबल दामोदरपुरा में किराए के मकान पर रहती है।
