November 8, 2026

कानपुर में 26 साल की बॉक्सिंग खिलाड़ी की हत्या से सनसनी, रोते हुए मां ने बॉयफ्रेंड पर लगाया आरोप

कानपुर में 26 साल की बॉक्सिंग खिलाड़ी की हत्या से सनसनी, रोते हुए मां ने बॉयफ्रेंड पर लगाया आरोप

<span class="img-name">कानपुर में बॉक्सिंग खिलाड़ी की हत्या </span> <span class="img-source">Image Source : REPORTER </span>

कानपुर में दिवाली की खरीदारी करने निकली 26 साल की बॉक्सिंग खिलाड़ी की हत्या से सनसनी फैल गई। घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली बॉक्सर और जिम ट्रेनर मंतशा कुमारी अचानक लापता हो गई। परिवार ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल फोन भी बंद हो गया। आखिरकार परिजनों ने उन्नाव के गंगाघाट थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शुक्रवार को पुलिस को एक युवती का शव मिला। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मंतशा के रूप में की। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां ने बेटी के बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पिता ने भी जिम में आने वाले एक युवक पर शक जताया है।

खरीदारी करने निकली, फिर बंद हो गया मोबाइल

मंतशा कानपुर के इखलाक नगर की रहने वाली थी। मां संजना के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब पांच बजे बेटी दिवाली की खरीदारी करने चकेरी के लालबंगला बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम सात बजे के आसपास उसका मोबाइल बंद हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्नाव के गंगाघाट थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अगले दिन शव मिलने की सूचना ने परिवार की उम्मीदों को मातम में बदल दिया।

बॉक्सिंग में जीता था गोल्ड, जिम में थी ट्रेनर

मंतशा पढ़ाई के बाद अपने पिता प्रेम कुमार के साथ बॉक्सिंग का अभ्यास करती थी। उसके पिता भी बॉक्सिंग से जुड़े रहे हैं और बच्चों को प्रशिक्षण देते थे। मंतशा ने यूपी स्तर की प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की थी। बाद में उसने फिटनेस के क्षेत्र में करियर बनाया और जाजमऊ स्थित फ्यूजन फिट जिम में ट्रेनर के रूप में काम करने लगी। वह सोशल मीडिया पर जिम और फिटनेस से जुड़े वीडियो भी साझा करती थी।

युवक पर शक, अस्पताल में मिलने आता था

पिता प्रेम कुमार के मुताबिक, जिम में ट्रेनिंग लेने आने वाले एक युवक से मंतशा की बातचीत होती थी। बेटी की तबीयत खराब होने पर वह युवक कई बार अस्पताल में भी उसे देखने पहुंचा था। अब परिवार ने उसी युवक पर संदेह जताया है। मां ने बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी की भूमिका या हत्या की वजह की पुष्टि नहीं की है।

हुआ था ऑपरेशन, शादी की तैयारियों में जुटी थी

परिजनों ने बताया कि करीब दो महीने पहले मंतशा की बच्चेदानी में गांठ होने के कारण ऑपरेशन हुआ था। इसके चलते वह कुछ समय से जिम नहीं जा रही थी। तबीयत में सुधार के बाद उसने दोबारा बाहर निकलना शुरू किया था। परिवार में 18 नवंबर को भतीजी की शादी होनी थी और मंतशा भी तैयारियों में जुटी थी। जिस घर में शादी की खुशियां आने वाली थीं, वहां अब बेटी की मौत से मातम पसरा है।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading