बाराबंकी : महादेवा जलाभिषेक को निकले तीन दोस्तों की बाइक ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ी , दो की मौत
फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर के पास हुआ हादसा, तीसरा युवक गंभीर घायल,एंबुलेंस पहुंचने में देरी का आरोप लगाकर परिजनों ने सीएचसी में किया हंगामा।

बाराबंकी। सावन के दूसरे सोमवार को लोधेश्वर महादेवा मंदिर में जलाभिषेक के लिए निकले तीन दोस्तों की बाइक रविवार रात फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर दादनपुर गांव के पास आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद एंबुलेंस पहुंचने में कथित देरी को लेकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया।

मृतक शैलेन्द्र जोशी की फाइल फोटो
फतेहपुर कस्बे के जोशी टोला निवासी शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी (22), शक्तिमान जोशी (19) और सचिन जोशी (21) रविवार रात एक ही बाइक से लोधेश्वर महादेवा में जलाभिषेक के लिए निकले थे। दादनपुर गांव के पास उनकी बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में भी श्रद्धालु सवार थे और वह महादेवा जा रहे थे।

मृतक शक्तिमान जोशी की फाइल फोटो
टक्कर में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने शक्तिमान की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया। परिजनों का आरोप है कि रेफर के बाद करीब डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। हालत बिगड़ने पर कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने सरकारी वाहन से उसे जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।हादसे में शैलेंद्र उर्फ हेमल जोशी की भी मौत हो गई, जबकि सचिन जोशी का उपचार चल रहा है। दो युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

