August 10, 2026

सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़,हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठी रामनगरी

images - 2026-08-10T084900.585


अयोध्या ! सावन के दूसरे सोमवार पर रामनगरी हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठी। भोर से ही हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए शहर के प्रमुख शिवालयों में पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने सबसे पहले पवित्र सरयू में आस्था की डुबकी लगाई और इसके बाद प्राचीन नागेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
नागेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भीड़ को देखते हुए भक्तों को चरणबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश दिया गया। मान्यता है कि नागेश्वरनाथ मंदिर की स्थापना भगवान श्रीराम के पुत्र कुश ने की थी। सावन के सोमवार पर यहां जलाभिषेक और दर्शन का विशेष महत्व माना जाता है।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग और निगरानी की व्यवस्था की गई। अयोध्या शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में भी भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और देश की खुशहाली की कामना की। सुबह से ही मंदिरों में घंटे-घड़ियाल और भोलेनाथ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading