पाराहजी-बाजपुर घाट पर बनेगा सेतु, वर्षों पुराना सपना हुआ साकार , विधायक रामचंद्र यादव ने पूजा-अर्चना कर किया शिलान्यास
13.58 करोड़ की परियोजनाओं का भी लोकार्पण,सेतु बनने से किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने में होगी सहूलियत, ग्रामीणों में खुशी की लहर।

अयोध्या ! रुदौली विधानसभा क्षेत्र के आंशिक भाग पारा हाजी-बाजपुर घाट के बीच सेतु निर्माण की वर्षों पुरानी मांग शुक्रवार को साकार होने की दिशा में बढ़ गई। पारा हाजी गांव में आयोजित कार्यक्रम में रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर 9.02 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सेतु का शिलान्यास किया। सेतु निर्माण की शुरुआत से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।

बरसात में बढ़ जाती थी आवागमन की मुश्किल
पारा हाजी और बाजपुर घाट के बीच नदी होने से ग्रामीणों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी। बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से समस्या और गंभीर हो जाती थी। आसपास के गांवों तक पहुंचने के लिए लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। सेतु बनने के बाद ग्रामीणों को इस परेशानी से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।सेतु बनने से बाजार, स्कूल, अस्पताल और तहसील सहित अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचना आसान होगा। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में भी सहूलियत मिलेगी। इससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
13 करोड़ 58.22 लाख रुपए की कई परियोजना का लोकार्पण

इस दौरान विधायक ने 13 करोड़ 58 लाख 22 हजार रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें अशरफपुर से गोड़ियन पुरवा मिसिंग लिंक मार्ग, बेलपुर से गोड़ियन पुरवा संपर्क मार्ग, मवई – अशरफपुर से अनारपट्टी वाया बेलपुर संपर्क मार्ग,पारा हाजी संपर्क मार्ग, लखनऊ – फैजाबाद एनएच-28 से सड़वाभेलू-सिन्नी-ढेमा मार्ग का विशेष मरम्मत कार्य और गढ़ी-बठौली संपर्क मार्ग शामिल हैं।
लंबे इंतजार के बाद जगी उम्मीद
ग्रामीणों के मुताबिक पारा हाजी-बाजपुर घाट के बीच सेतु निर्माण की मांग लंबे समय से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष उठाई जाती रही थी। शिलान्यास के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा होगा और जल्द ही आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। ग्रामीणों ने सेतु को क्षेत्र के विकास की नई राह खोलने वाला महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बताया।इस कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता रघुनंदन चौरसिया, निर्मल शर्मा,विकास मिश्रा अंजनी साहू, धर्मेंद्र वर्मा,श्यामजी कौशल,अखिलेश रावत,कुलदीप मौर्या, सर्जन लाल,राम कैलाश कनौजिया, विधि चन्द्र कौशल, अनूप मिश्रा, विनोद बाबा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

