बाराबंकी : लोधेश्वर महादेवा धाम पहुंचीं उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, किया जलाभिषेक
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और विश्व कल्याण की कामना।

रामनगर (बाराबंकी)। उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने मंगलवार को प्रसिद्ध तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेवा धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और विश्व कल्याण की कामना करते हुए भगवान लोधेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर के गर्भगृह में उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता की उपस्थिति में पंडित योगेश शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ राज्य मंत्री से विधिवत जलाभिषेक एवं पूजन संपन्न कराया। पूजा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पूजन के उपरांत राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने प्रदेशवासियों की खुशहाली, उन्नति और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा से प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रहे और सभी नागरिकों का जीवन सुखमय बने।
राज्य मंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में दर्शन-पूजन की व्यवस्था सुचारु रूप से संपन्न हुई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच पूरे कार्यक्रम का शांतिपूर्ण ढंग से आयोजन किया गया।

