July 31, 2026

बाराबंकी : जिला कारागार का डीएम-एसपी ने निरीक्षण कर परखी सुरक्षा व्यवस्था

IMG-20260731-WA0013

सीसीटीवी, सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की सुविधाओं की परखी हकीकत, खामियां तत्काल दूर करने के निर्देश।

बाराबंकी ! जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने गुरुवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने सबसे पहले कारागार के मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद महिला एवं पुरुष बैरकों का भ्रमण कर बंदियों के रहने की व्यवस्था, भोजन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बंदियों को शासन के मानकों के अनुरूप सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और नियमित रूप से उनकी निगरानी की जाए।निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम पहुंचकर अधिकारियों ने सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी कैमरे हर समय सुचारु रूप से संचालित रहें तथा किसी भी तकनीकी खराबी को तत्काल दूर कर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।दोनों अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कारागार में अनुशासन के साथ मानवीय संवेदनाओं का भी ध्यान रखा जा सके।निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक कुंदन कुमार, जेलर जितेंद्र सिंह सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading