अयोध्या : फेसबुक पर दोस्ती, शादी का झांसा और धर्म छिपाने का आरोप
तलाकशुदा महिला ने युवक व परिजनों पर शोषण, धर्म परिवर्तन का दबाव और सात लाख हड़पने का लगाया आरोप।..फोटो-एआई से काल्पनिक
अयोध्या। शहर कोतवाली क्षेत्र की एक तलाकशुदा महिला ने युवक और उसके परिजनों पर धोखे से संबंध बनाने, जबरन निकाह कराने, शारीरिक शोषण, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और संपत्ति हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।महिला का आरोप है कि वर्ष 2019 में तलाक के बाद फेसबुक पर उसकी पहचान ‘सूरज’ नाम से एक युवक से हुई। युवक ने स्वयं को हिंदू बताकर शादी का भरोसा दिलाया और इस दौरान शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसका वास्तविक नाम मुन्ताज होने की जानकारी मिली। विरोध करने पर आरोपी ने निजी वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जिसके दबाव में वर्ष 2021 में निकाह कराया गया। निकाह के कुछ समय बाद आरोपी विदेश चला गया।पीड़िता का आरोप है कि निकाह के बाद आरोपी के पिता समेत अन्य परिजनों ने उसके साथ शारीरिक शोषण किया तथा धर्म परिवर्तन और गोमांस खाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उससे करीब सात लाख रुपये ले लिए और उसकी जमीन भी अपने नाम करा ली। उसने अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ छेड़छाड़ और उस पर भी निकाह का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।महिला ने आशंका जताई है कि आरोपी पासपोर्ट के जरिए देश छोड़ सकते हैं। उसने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर पासपोर्ट जब्त करने की मांग की है।नगर कोतवाली प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

