मेडिकल के दौरान बच्ची की अपहरण व हत्या के आरोपी कांस्टेबल पर हमला, अस्पताल में हुई पिटाई
पुलिस ने हस्तक्षेप कर आरोपी को भीड़ से बचाया, घटना की जांच शुरू।
गोरखपुर ! 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी कांस्टेबल अभिषेक पर मेडिकल परीक्षण के दौरान जिला अस्पताल में हमला किए जाने का मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर में मौजूद कुछ लोगों ने आरोपी के साथ मारपीट कर दी। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति पर काबू पाया और आरोपी को सुरक्षित हिरासत में लेकर मेडिकल की प्रक्रिया पूरी कराई।
जानकारी के अनुसार, बच्ची की हत्या की घटना के बाद पूरे जिले में लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। आरोपी को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल लाए जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए। इसी दौरान कुछ लोगों ने आरोपी पर हमला कर दिया। हालांकि पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को भीड़ से निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल को बच्ची के अपहरण और हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं जिला अस्पताल में आरोपी के साथ हुई मारपीट की घटना की भी जांच कराई जा रही है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में नियमानुसार जांच और कानूनी कार्रवाई जारी होने की बात कही है।

