गिरे पेड़ पर झूला झूलते समय पलटी डाल, दबने से छह वर्षीय मासूम की मौत
बाबा बाजार थाना क्षेत्र के पंडित पुरवा गांव में दर्दनाक हादसा, अस्पताल ले जाते समय बच्ची ने तोड़ा दम।

मवई(अयोध्या) ! नगर पंचायत मां कामाख्या धाम क्षेत्र के पंडित पुरवा गांव में एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घर के सामने पहले से जमीन पर गिरे गूलर के पेड़ की मोटी डाल पर झूला झूलते समय डाल अचानक पलट गई, जिससे मासूम उसके नीचे दब गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पंडित पुरवा निवासी राधेश्याम लोधी देहरादून में रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी बच्चों के साथ गांव में रहती हैं। बताया गया कि घर के सामने लगा गूलर का पेड़ कुछ दिन पहले गिर गया था और उसकी मोटी डालें जमीन पर पड़ी थीं। छह वर्षीय पुत्री खुशबू उर्फ चुलबुल उन्हीं में से एक डाल पर झूला झूल रही थी। इसी दौरान डाल का संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक पलट गई। डाल के नीचे दबने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।बच्ची की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को परिजनों की ओर से नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

