July 31, 2026

रुदौली पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता, हाईवे पर चोरी व लूट करने वाले के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

IMG-20260731-WA0045

आईफोन-15 समेत 17 मोबाइल, चोरी की अपाचे बाइक और नकदी बरामद, बरामदगी की कीमत करीब पांच लाख रुपये,कोतवाल संजय मौर्य के नेतृत्व में खुला हाईवे लूट व बाइक चोरी का राज, दोनों आरोपियों पर गैंगस्टर समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज।

रुदौली, अयोध्या। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रुदौली कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हाईवे पर हुई लूट और वाहन चोरी की दो वारदातों का खुलासा कर दिया। प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) संजय मौर्य के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दो अंतरजनपदीय शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया आईफोन-15, कुल 17 मोबाइल फोन, चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल तथा नकदी बरामद की है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान बाराबंकी जनपद के बबलू रावत और राकेश रावत के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार तड़के सहनी मोड़ के पास घेराबंदी कर दबोचा गया। कार्रवाई में निरीक्षक अपराध शत्रुघ्न यादव, चौकी प्रभारी भेलसर युवराज सिंह, चौकी प्रभारी शुजागंज अभिषेक सिंह समेत पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।जांच में सामने आया कि 14 मई 2026 को कूढ़ा सादात पेट्रोल पंप के पास एक बस चालक से आईफोन-15, चांदी की अंगूठियां, ब्रेसलेट और छह हजार रुपये की लूट की गई थी। इसके अलावा 21 जून की रात हाईवे किनारे घर के सामने खड़ी अपाचे मोटरसाइकिल भी चोरी कर ली गई थी। घटनाओं के खुलासे के लिए कोतवाल संजय मौर्य ने पुलिस टीम को लगातार सक्रिय रखा। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई निगरानी के आधार पर दोनों अभियुक्तों तक पहुंच बनाई गई और आखिरकार उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लूट और चोरी की घटनाओं से जुड़े कई अहम तथ्य स्वीकार किए। पुलिस ने उनके कब्जे से आईफोन-15, 16 अन्य मोबाइल फोन, कुल 17 मोबाइल, 1,370 रुपये नकद तथा चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं। इनके विरुद्ध बाराबंकी और अयोध्या के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। ऐसे अपराधियों की गिरफ्तारी को रुदौली पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य की सक्रिय कार्यशैली एक बार फिर चर्चा में है। लगातार गश्त, मुखबिर तंत्र की मजबूती और टीम वर्क के दम पर रुदौली कोतवाली पुलिस ने कम समय में कई महत्वपूर्ण मामलों का खुलासा किया है। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading