August 5, 2026

दर्दनाक हादसा : आजमगढ़ में ट्रांसफार्मर से टकराया डीजल टैंकर, तीन जिंदा जले

file_0000000058d88208abbaf8d4266f09ec

देवरिया डिपो से तेल लेकर बिलरियागंज लौट रहा था टैंकर, मालटारी-मिर्जापुर में हुआ हादसा,आठ दमकल गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई आग, हादसे के बाद गांव में पसरा मातम।

बिलरियागंज। सोमवार रात मालटारी-मिर्जापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से टकराकर पलट गया। टक्कर के बाद तेज धमाके के साथ टैंकर में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में टैंकर आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे में टैंकर सवार तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीमों ने करीब आठ गाड़ियों की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

मृतकों की पहचान 26 वर्षीय प्रदीप कुमार निवासी भीखमपुर, थाना मेहनगर, 25 वर्षीय परिचालक पतिराज प्रसाद निवासी चौतरवा, थाना फरेंदा और चालक रामू यादव निवासी गढ़वा, फरेदा महराजगंज के रूप में हुई है।बताया गया कि टैंकर गोरखपुर के देवरिया स्थित डिपो से डीजल लेकर बिलरियागंज स्थित श्रेया पेट्रोल पंप लौट रहा था। मालटारी-मिर्जापुर विद्युत उपकेंद्र के पास अचानक टैंकर अनियंत्रित हो गया। सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से जोरदार टक्कर के बाद ट्रांसफार्मर नीचे गिर पड़ा और टैंकर भी पलट गया। इसके बाद तेज धमाके के साथ टैंकर में आग लग गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लपटें और धुएं का गुबार देखकर लोग टैंकर के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की आठ गाड़ियों को लगाया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

पांच साल से पेट्रोल पंप पर काम कर रहा था प्रदीप

हादसे में जान गंवाने वाला प्रदीप कुमार पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही मां उर्मिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मुन्नीलाल और गांव के पूर्व प्रधान जयेश गौतम ने बताया कि प्रदीप करीब पांच वर्षों से बिलरियागंज स्थित अपने पट्टीदार के रिश्तेदार के पेट्रोल पंप पर प्रबंधक के रूप में काम कर रहा था।
परिजनों के अनुसार प्रदीप मेहनती और मिलनसार स्वभाव का था। इसी कारण परिवार ही नहीं, बल्कि गांव और क्षेत्र के लोग भी उसे काफी पसंद करते थे। उसकी अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, पूरे गांव में शोक की लहर है।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading