यूपी : गोरखपुर के बहुचर्चित शिवकुमार तिवारी हत्याकांड पर पवन पांडेय का सरकार पर तीखा हमला
बोले- तलवार से निर्मम हत्या की घटना ने पूरे समाज को झकझोरा, दोषियों को मिले कठोरतम सजा,पूर्व मंत्री ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल, कहा- अपराधियों को संरक्षण नहीं, पीड़ित परिवार को मिले तत्काल न्याय।

गोरखपुर ! सिकरीगंज क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी ठेकेदार शिवकुमार तिवारी की नृशंस हत्या को लेकर समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री एवं अयोध्या के पूर्व विधायक पवन पांडेय ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपने फेसबुक वॉल पर घटना को लेकर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हत्या को पूरे समाज को झकझोर देने वाली भयावह घटना बताया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।पवन पांडेय ने कहा कि शिवकुमार तिवारी की हत्या महज एक परिवार की त्रासदी नहीं है, बल्कि जिस तरह तलवार से निर्मम हमला कर उनकी जान लिए जाने की बात सामने आई है, वह किसी भी संवेदनशील व्यक्ति को भीतर तक विचलित करने वाली है। उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को इस तरह दौड़ाकर तलवार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया जाए तो यह आमजन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

‘कानून-व्यवस्था पर लगातार उठ रहे गंभीर सवाल’
पूर्व मंत्री ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज समेत प्रदेश का हर नागरिक जानना चाहता है कि ऐसी क्रूर घटनाओं पर रोक कब लगेगी और पीड़ित परिवारों को समयबद्ध न्याय कब मिलेगा।
हर दोषी की हो गिरफ्तारी, किसी को संरक्षण न मिले
पवन पांडेय ने सरकार से मांग किया है, कि हत्याकांड में शामिल प्रत्येक दोषी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। मामले की निष्पक्ष और तेज जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को राजनीतिक, प्रशासनिक अथवा किसी अन्य प्रकार का संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल न्याय और समुचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।उन्होंने कहा कि निर्दोषों का खून बहना बंद होना चाहिए, अपराधियों पर कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए और शिवकुमार तिवारी के परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

