बाराबंकी : मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न व हूटर पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 2.27 लाख का चालान

विशेष अभियान में 38 वाहनों पर कार्रवाई, 17 मॉडिफाइड साइलेंसर, 12 अवैध हूटर और 9 प्रेशर हॉर्न जब्त,जब्त उपकरण मौके पर ही किए गए नष्ट, एसपी बोले-नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई।
बाराबंकी ! जिले में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अवैध हूटर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान अब तक 17 मॉडिफाइड साइलेंसर, 12 अवैध हूटर और 9 प्रेशर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 2.27 लाख रुपये का चालान किया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात शक्ति सिंह, प्रभारी यातायात रामयतन तथा अन्य पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जब्त किए गए सभी अवैध उपकरणों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल न हो सके।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में प्रतिबंधित मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का प्रयोग न करें।

पुलिस के अनुसार ऐसे उपकरण मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन होने के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं और आमजन की सुरक्षा व सुविधा के लिए भी खतरा बनते हैं।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी पूरे जिले में लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगा। नागरिकों से नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।

