बाराबंकी : कृति पब्लिक स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ संकल्प के साथ संपन्न हुआ वन महोत्सव अभियान
पर्यावरण जागरूकता रैली में गूंजे हरियाली के संदेश, 2000 से अधिक पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प।
बाराबंकी ! कृति पब्लिक स्कूल, भगवानपुर द्वारा आयोजित सप्ताहव्यापी वन महोत्सव अभियान का समापन मंगलवार को भव्य पर्यावरण जागरूकता रैली के साथ हुआ। तहसील परिसर से उपजिलाधिकारी बृजेन्द्र उपाध्याय एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. फरज़ाना शकील अली ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर नगर की प्रमुख सड़कों पर जनजागरूकता अभियान चलाया। पूरे मार्ग में “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “एक पेड़ मां के नाम”, “धरती मां की यही पुकार, पेड़ लगाओ बार-बार”, “हरियाली है जीवन की खुशहाली”, “आज एक पौधा लगाएंगे, कल स्वच्छ भविष्य पाएंगे”, “पेड़ हैं तो कल है”, “प्रकृति बचाओ, भविष्य संवारो”, “जल, जंगल और जमीन—जीवन की सबसे बड़ी पूंजी” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालय परिसर, आसपास के क्षेत्रों तथा विद्यार्थियों के घरों में 2000 से अधिक पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों को पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प दिलाया गया, ताकि पौधे वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभा सकें।
रैली के दौरान उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी, अन्य प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय व्यापारियों को पौधे भेंट कर अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया। अतिथियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण और उनका संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। विद्यालय परिवार ने प्रत्येक नागरिक से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया।
फोटो कैप्शन
तहसील परिसर से पर्यावरण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाते उपजिलाधिकारी बृजेन्द्र उपाध्याय एवं प्रधानाचार्या डॉ. फरज़ाना शकील अली। रैली में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते छात्र-छात्राएं।

