मैडम जी… मुझे सांप ने काट लिया”, गुहार अनसुनी रहने का आरोप, 7 वर्षीय छात्र की मौत
परिजनों का आरोप- तीन घंटे तक नहीं मिला इलाज, हेडमास्टर व शिक्षामित्र पर कार्रवाई की मांग,डीएम ने एडीएम, एएसपी व बीएसए की तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की।
बाराबंकी। हैदरगढ़ क्षेत्र के सहावर प्राथमिक विद्यालय में तीसरी कक्षा के सात वर्षीय छात्र अंशु की संदिग्ध परिस्थितियों में सांप के काटने से मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि मासूम ने स्कूल में ही शिक्षामित्र से सांप काटने की बात कही थी, लेकिन उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सीएचसी परिसर में प्रदर्शन कर विद्यालय प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
परिजनों के अनुसार, सोमवार को अंशु विद्यालय के शौचालय गया था, जहां उसे जहरीले सांप ने काट लिया। आरोप है कि वह घबराकर शिक्षामित्र अमिता सिंह के पास पहुंचा और बताया कि उसे सांप ने काट लिया है, लेकिन उसे डांटकर दोबारा कक्षा में बैठा दिया गया। करीब साढ़े तीन घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और मुंह से झाग निकलने पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजन उसे तत्काल हैदरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में शव रखकर प्रदर्शन किया और हेडमास्टर व शिक्षामित्र के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की। विद्यालय के कुछ छात्रों ने भी शिक्षामित्र पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने एडीएम, एएसपी और बीएसए की तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी ने हेडमास्टर एवं शिक्षामित्र के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई और निलंबन की संस्तुति बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी है।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित समिति पूरे मामले की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

