July 30, 2026

बाराबंकी : बेखौफ चोरों ने छत के रास्ते घर में बोला धावा, लाखों की नगदी-जेवरात समेट फरार

file_00000000a070820880c0eb73b8227e15

परिवार घर में सोता रहा, सुबह बिखरा मिला सामान और टूटे ताले,असंद्रा में चोरी से दहशत, ग्रामीण बोले- गश्त होती तो नहीं होती वारदात।

फोटो कैप्शन : असंद्रा थाना क्षेत्र के पूरे निधान गांव में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान और जांच करती पुलिस।

बाराबंकी, संवाददाता। असंद्रा थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात बेखौफ चोरों ने एक मकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और परिवार के सोते समय नगदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

घटना खुशेहटी ग्राम पंचायत के पूरे निधान गांव निवासी अतुल सिंह के घर की है। बताया जाता है कि मंगलवार देर रात अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखी नगदी, जेवरात व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात के दौरान परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सोते रहे। सुबह जब परिजन जागे तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे मिले।

इसके बाद परिजनों के होश उड़ गए और तत्काल डायल-112 व असंद्रा पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Discover more from KKC News Network

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading