July 27, 2024

लखनऊ में राजनाथ सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी पूनम सिन्हा!

0

लखनऊ : भाजपा के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा लखनऊ में गृह मंत्री राजनाथ सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी। समाचार एजेंसी आईएएनएस ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि पूनम सिन्हा समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता को चुनौती देंगी। सूत्रों का यह भी कहना है कि कांग्रेस इस सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं खड़ा नकरेगी। कांग्रेस ने सपा-बसपा की उम्मीदवार पूनम सिन्हा की उम्मीदवारी का समर्थन करने का फैसला किया है। कांग्रेस की ओर से अपना उम्मीदवार खड़ा न करने की सूरत में इस सीट पर चुनावी मुकाबला राजनाथ और पूनम सिन्हा के बीच होगा।

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पूनम को सपा में लाने की प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और इसी के चलते शत्रुघ्न सिन्हा का कांग्रेस में शामिल होने का कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। सिन्हा 28 मार्च को कांग्रेस में शामिल होने वाले थे।

कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने कहा, ‘लखनऊ सीट से जितिन प्रसाद चुनाव लड़ने के इच्छुक थे लेकिन उन्हें धौरहरा सीट से खड़ा होने के लिए मनाना पड़ा। अब इस सीट पर चीजें साफ हो गई हैं। कांग्रेस ने सपा-बसपा गठबंधन के लिए सात सीटें छोड़ने की बात कही है, लखनऊ सीट उनमें से एक होगी।’

शत्रुघ्न सिन्हा छह अप्रैल को दिल्ली में कांग्रेस में शामिल होंगे। वह पटना साहिब सीट से कांग्रेस का उम्मीदवार हो सकते हैं। विपक्ष लखनऊ सीट पर राजनाथ सिंह को कड़ी चुनौती देना चाहता है। इसलिए वह संयुक्त रूप से उम्मीदवार उतारकर राजनाथ सिंह को घेरना चाहता है। सूत्रों का कहना है कि सपा ने इस सीट पर अपना गुणा-भाग कर लिया है।

सपा के एक नेता ने कहा, ‘लखनऊ में 3.5 लाख मुस्लिम वोटर्स के अलावा चार लाख कायस्थ वोट और 1.3 लाख सिंधी मतदाता हैं। पूनम सिन्हा सिंधी परिवार से आती हैं जबकि शत्रुघ्न सिन्हा कायस्थ हैं। इससे पूनम सिन्हा की उम्मीदवारी को मजबूती मिलेगी।’

भाजपा महासचिव विजय पाठक का कहना है, ‘लखनऊ भाजपा का गढ़ रहा है और यह आगे भी रहेगा। राजनाथ ने लखनऊ के विकास के लिए काफी काम किया है और यहां की जनता उन्हें पसंद करती है। बाहर से लाया गया उम्मीदवार मतदाताओं पर कोई असर नहीं डाल पाएगा।’

2014 के चुनाव में राजनाथ सिंह को लखनऊ सीट पर 10,06,483 वोट और दूसरे स्थान पर कांग्रेस की रीता बहुगुणा जोशी को 2, 88,357 वोट मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !! © KKC News